शामली। सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात के नियमों का पालन करना जरूरी है। सुरक्षित जीवन के लिए सुरक्षित यात्रा आवश्यक है।
सोमवार को एआरटीओ कार्यालय पर जनपद में शुरू हुए सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करते हुए बाइक पर हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। डीएम जसजीत कौर ने कहा कि पूरे देश व प्रदेश में मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि यातायात के नियमों के प्रति जन सामान्य अधिक से अधिक जागरूक हो और यातायात के नियमों का पालन करें।
डीएम ने कहा कि बाइक चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट का इस्तेमाल करना चाहिए। सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों का इंतजार ना करते हुए यातायात के सभी नियमों का पालन करने को अपने जीवन का लाइफ स्टाइल बनाएं। डीएम ने एआरटीओ मुंशीलाल को स्कूल-कालेजों को इस अभियान में जोड़ने, रोडवेज एवं प्राइवेट चालकों को भी यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
एसपी सुकीर्ति माधव ने लोगों से कहा कहा कि यातायात के प्रति जिम्मेदार बने और यातायात के नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, तभी यातायात के नियमों का पालन शत-प्रतिशत होगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विधायक तेजेंद्र निर्वाल, डीएम जसजीत कौर, एसपी सुकीर्ति माधव ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एआरटीओ मुंशीलाल व यातायात प्रभारी भंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
पर्चे बांटकर लोगों को जागरूक किया
कैराना। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत डीएम के निर्देश पर परिवहन विभाग ने प्रचार प्रसार वाहन के द्वारा लोगों को पर्चे बांटकर जागरूक किया गया। लोगों को दोपहिया वाहन चालक व पीछे बैठने वाले व्यक्ति को हेलमेट लगाने के लिए जागरूक किया गया। बाइक चलाते समय स्टंट न करने, बायीं ओर से ओवरटेक न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, नियंत्रित गति सीमा में वाहन चलाने, चार पहिया वाहन में हमेशा सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।