शामली। बीएसए ने थानाभवन व धनैना के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनको खामियां मिलने पर शिक्षकों को फटकार लगाई। साथ ही नोटिस भेजकर जवाब तलब किया और जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शनिवार को बीएसए कोमल ने थानाभवन स्थित रसीदगढ के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्हाेंने स्कूल में किचन गार्डन को देखा तो वहां खामियां मिली और पूछा कि जो उनको किचन गार्डन के रख-रखाव के लिए पांच हजार रुपये का बजट मिलता है वह कहां जा रहा है। इसके अलावा शिक्षक डायरी देखी तो वह भी अधूरी मिली और शिक्षक डायरी को पूरा करना शिक्षकों ने जरूरी नहीं समझा। नामांकन की स्थिति भी काफी कम थी। वहीं एमडीएम देखा तो वहां बच्चों की संख्या कम मिली और पोर्टल पर बच्चों की संख्या अधिक चढ़ा रखी थी। इसको देखकर बीएसए ने उनको फटकार लगाई। वहीं धनैना के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर छात्रों से प्रश्न पूछे जिसका सही जवाब दिया। ब्लैक बोर्ड पर उनसे लिखवाकर देखा गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी किचन गार्डन, शिक्षक डायरी, एमडीएम की गुणवत्ता और नामांकन सही नहीं मिला। उन्होंने दोनों स्कूलों के प्रधानाध्यापक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जवाब नहीं दिया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-
दीपक गुप्ता