शामली, बाबरी। क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में मंगलवार शाम राजपूत समाज के कुछ युवकों, ग्रामीणों द्वारा हरियाणा के कैथल में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के नाम पट्ट पर गुर्जर शब्द लिखने से नाराज होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कुछ गुर्जर नेताओं के पुतले दहन करते हुए विरोध जताया था। पुतले फूंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बाबरी पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में ले लिया।
बुधवार की सुबह ही गिरफ्तारी के विरोध में राजपूत समाज के सैंकड़ों युवक, ग्रामीण गाड़ियों में सवार होकर बाबरी थाने पहुंचे और थाना प्रभारी द्वारा हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर थानाभवन क्षेत्राधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर मौके पर पहुंचीं। थाने पर मौजूद पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ठाकुर शेर सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार टीनू, अजय सोम अध्यक्ष राजपूत उत्थान सभा आदि से वार्ता करते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ने से मना कर दिया। जिस पर लोग थाना परिसर में ही धरना देकर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी खूब नारेबाजी की। इसी बीच कैराना सपा विधायक नाहिद हसन के प्रतिनिधि मनोज राणा, ठाकुर जयप्रकाश राणा, अनिरुद्ध प्रधान, ठाकुर वीरसिंह अध्यक्ष किसान संघर्ष समिति आदि ने धरने पर पहुंचे। लोगों को समझाते हुए थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी से मामले का हल करने की बात कही।
वार्ता के दौरान हिरासत में लिए गए दो युवकों अमर, रूपचंद के छोड़ने पर अन्य की जमानत कराने पर सहमति बनी। पांच में से दो को पुलिस ने छोड़ दिया। जबकि तीन नरपत राणा, सुनील कुमार व अविनेश पुंडीर का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने इस मामले में सात नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस बारे में सीओ का कहना है कि कानून का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तीन का चालान किया गया है।
दरअसल, मंगलवार की शाम गोगवान जलालपुर में राजपूत समाज के कुछ लोगों ने हरियाणा की घटना के विरोध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, मनीष चौहान, अतुल प्रधान, कृष्णपाल गुर्जर, लीलाराम गुर्जर, कंवरपाल गुर्जर का आदि का पुतला फूंका था। पुतला फूंकने का वीडियो तेज से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिस पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने गांव के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
- मौके पर यह रहे मौजूद
इस दौरान शेर सिंह राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, राजपूत उत्थान सभा के अध्यक्ष अजय सोम, ठाकुर वीर सिंह अध्यक्ष किसान संघर्ष समिति, अनिल टीनू बाबरी पूर्व जिला पंचायत सदस्य, योगेंद्र सिंह प्रधान कैडी, नरेश तोमर, अनिरुद्ध प्रधान, रामचरण सिंह पुंडीर, नरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।
- एसपी से भी वार्ता की
इस दौरान ठाकुर मनोज राणा के नेतृत्व में सैंकड़ों ग्रामीण एसपी अभिषेक से वार्ता करने शामली पहुंचे तथा पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद ही दो युवकों को छोड़ा गया। बताया गया कि छोड़े गए दोनों युवकों का पुतला फूंकने से कोई लेना देना नहीं था।