बल्ला मजरा के निकट हादसे में टूटी कार। संवाद
- फोटो : संवाद
शामली, झिंझाना। मुजफ्फरनगर के शेरपुर निवासी हसनैन बृहस्पतिवार को परिवार के साथ रिश्तेदारी भड़ी भरत पुरी में हो रहे जलसे से लौट रहे थे। वे ब्रेजा कार में सवार होकर बल्ला माजरा के रास्ते से होकर मुजफ्फरनगर वापिस जा रहे थे। इसी दौरान बल्ला मजरा के निकट कब्रिस्तान के पास सड़क के बीच में खड़े गन्ने से भरे ट्रक से उनकी कार टकरा गई।
हादसे के समय कार में हसनैन के साथ उनकी पत्नी गुलशाना, पुत्री शहनुमा, पुत्री आफरीन और पुत्र अयान सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से ड्राइवर और आगे बैठे व्यक्ति की जान बच गई, लेकिन कार में सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद एम्बुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन इसके पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इससे पहले ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहन से अस्पताल भिजवाया।