शामली। कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड शिव विहार कॉलोनी में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र निर्वाल के घर पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर लिया।
बकाैल पुलिस आरोपी ने बताया किभाजपा नेता के भतीजे नीशू की उसके दोस्त से कहासुनी हो गई थी। इसी का बदला लेने के लिए पांच दोस्तों ने फायरिंग और नीशू और अन्य को मारने का प्रयास किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि6 फरवरी की रात शहर के शिव विहार मोहल्ले में नकाबपेाश पांच युवकों ने भाजपा नेता जितेंद्र के मकान पर फायरिंग की थी। परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे थे। आरोपी सीसीटीवी में भी कैद हो गए थे। जितेंद्र की शिकायत पर शामली कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था।पुलिस ने इस मामले में मुजफ्फरनगर के मखियाली निवासी तुषार पुत्र मनोज को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2018 में शामली की जाट कॉलोनी में अपनी मौसी नीलू के यहां पर रहकर पढ़ाई करता था। इस दौरान उसकी दोस्ती मोहल्ले के ही शुभम से हो गई थी। शुभम और भाजपा नेता जितेंद्र के भतीजे नीशू की एक शादी समारोह के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसी कहासुनी का बदला लेने के लिए शुभम के कहने पर हमले की योजना बनाई थी। 6 फरवरी को मुजफ्फफरनगर में शादी समारोह के दौरान शुभम ने कॉल की। रात में ही तीन अन्य के साथ बनत चौराहे पर पहुंचा। इसके बाद पांचों शिव विहार कॉलोनी में पहुंचे। जहा नीशू के घर के बाहर फायरिंग की, मगर उसके परिजनों के शोर मचाने के कारण मौके से भागना पड़ा। कहासुनी का बदला लेने के लिए ही घटना को अंजाम दिया। एसपी ने कहा कि जल्द अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।