गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव ओदरी स्थित रुई की बत्ती बनाने वाली फैक्टरी में शोर्ट सर्किट से लगी
गढ़ीपुख्ता। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव ओदरी स्थित लक्ष्मी इम्पैश रुई की बत्ती बनाने वाली फैक्टरी में बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग फैलते ही फैक्टरी में काम कर रहे पांचों मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में सीसीटीवी के दो कैमरे भी फुंक गए। ग्रामीणों और आसपास की महिलाओं ने बाल्टियों में पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक गौरव संगल ने बताया कि आग से फैक्टरी में रखी रुई और एक मशीन जलकर राख हो गई, अनुमानित नुकसान 20-25 लाख रुपये का है। उन्होंने कहा कि फैक्टरी में रुई का बड़ा स्टॉक रखा गया था, जो आग लगने के कारण तेजी से फैल गया। आग की घटना के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मची और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
फैक्टरी में लगी आग के बाद गढ़ीपुख्ता पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू की। फैक्टरी में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाकी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी। फिलहाल फैक्टरी संचालक की ओर से तहरीर नहीं आई है, यदि तहरीर आती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बाल्टियों में पानी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई।