शामली जल निगम के कार्यालय में आग लगने के बाद मौजूद लोग
- फोटो : SHAMLI
शॉर्ट सर्किट से जल निगम के कार्यालय में लगी आग
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेलपार में जल निगम के कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कंप्यूटर, फर्नीचर और सरकारी दस्तावेज जल गए। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
मोहल्ला रेलपार में देवेंद्र सिंह के मकान के निचले हिस्से में निर्माण खंड उत्तर प्रदेश जल निगम का अस्थायी कार्यालय है। ऊपर की मंजिल पर देवेंद्र सिंह परिवार सहित रहते हैं। शुक्रवार सुबह कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष से धुआं निकल रहा था। उस समय कार्यालय बंद था। मकान मालिक ने आग लगने की सूचना दमकल को दी। आसपास के घरों में रह रहे लोग भी बाहर निकल आए। दमकल टीम मौके पर पहुंची आधे घंटे से अधिक समय में आग बुझाई जा सकी। फायर स्टेशन के प्रभारी अजीज खान ने बताया कि आग से कार्यालय का फर्नीचर, कंप्यूटर और कुछ सरकारी दस्तावेज जल गए हैं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके जैन व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।