कांधला में प्रेस वार्ता करते व्यापारी।
शामली, कांधला। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल स्वर्ण जयंती पर व्यापारी स्वाभिमान यात्रा निकालेगा। सहारनपुर से 13 मार्च निकलकर आठ मई को लखनऊ में सम्मेलन कर समापन होगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक प्रेस वार्ता कर स्वर्ण जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश में व्यापार मंडल 24 दिसंबर 1972 को बनारस में लखनऊ के लाला विशंबर दयाल और कानपुर के पंडित श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में गठित हुआ था। वर्तमान में यह संगठन 50वें वर्ष में प्रवेश कर गया है और यह वर्ष स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मना रहा है। जिसका शुभारंभ 24 दिसंबर 2022 को नमो घाट वाराणसी में भव्य दीपोत्सव के साथ प्रारंभ हुआ है।
संगठन ने स्वर्ण जयंती वर्ष में कुछ कार्यक्रम घोषित किए हैं जिसके अंतर्गत छह फरवरी से 28 फरवरी तक व्यापार मंडल के व्यापारियों को बाजार में संगठन के कार्यों से अवगत कराना है। अधिकतम व्यापारियों को व्यापार मंडल से जोड़ा जाएगा। मोबाइल नंबर 7030930361 पर मिस कॉल के माध्यम से भी जोड़ा जाएगा। 13 मार्च से सहारनपुर से व्यापारी स्वाभिमान यात्रा प्रारंभ होगी, जो पूरे प्रदेश में जाएगी और यह यात्रा 16 मार्च की सुबह कांधला नगर में आएगी। यहां से बड़ौत, बागपत होते हुए मेरठ में रात्रि विश्राम होगा। यात्रा में एक डिजिटल रथ व समस्या, शिकायत सुझाव पेटी रहेगी, जिसमें यहां का व्यापारी अपनी बात रख सकें। प्रदेश स्तर पर सभी का संज्ञान लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार के माध्यम से निस्तारण कराया जाएगा। यात्रा का समापन आठ मई को पंडित श्याम बिहारी मिश्रा की जयंती पर लखनऊ में होगा। सितंबर में कानपुर में व्यापारियों का सम्मेलन होगा, जिसमें 25000 व्यापारियों का पहुंचने का लक्ष्य है। सम्मेलन में केंद्र और प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे। 23 व 24 दिसंबर 2023 को स्वर्ण जयंती वर्ष पूर्ण होने पर बरेली में समापन कार्यक्रम होगा। जिसमें रथयात्रा और स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के उत्कृष्ट योगदान करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा। कांधला इकाई इस वर्ष को यादगार बनाने उद्देश्य से एक बहुउद्देश्य डायरी निकालने जा रही है, जो वर्षों तक नगर के प्रत्येक व्यापारी के लिए स्मृति चिन्ह होगी।
प्रेसवार्ता में व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कसंल, संरक्षक सुरेश चंद जैन, गुणपाल जैन, उपाध्यक्ष निधीश मित्तल, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।