- शादी समारोह में नौ वर्षीय बच्ची से अभद्रता का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान नौ वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ और विरोध करने पर पिटाई करने के आरोप में भाजपा जिला मंत्री और सभासद अनिल उपाध्याय के भाई, बेटे समेत 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पानीपत निवासी महिला ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह 19 जून को अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने शामली आई थीं। शादी समारोह दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन मैरिज होम में आयोजित था। आरोप है कि इस दौरान उनकी नौ वर्षीय बेटी डीजे पर डांस कर रही थी। तभी दयानंद नगर निवासी सतीश ने नशे की हालत में बच्ची के साथ अभद्रता की और उसका हाथ पकड़ लिया।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी और अन्य मेहमानों की पिटाई कर दी। आरोप है कि इसके बाद भाजपा जिला मंत्री और वार्ड 11 के सभासद अनिल उपाध्याय के बेटे बंशी, भतीजे गौरव, भांजे कमल, शिवम वंश समेत अन्य 10 से 15 लोग मौके पर पहुंचे और समारोह में मौजूद लोगों के साथ पिटाई की। पीड़िता ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, भाजपा जिला मंत्री अनिल उपाध्याय ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि करीब 24 दिन पहले उनके परिवार के सदस्यों की शादी समारोह में पिटाई की गई थी, जिसमें उन्होंने छह नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी मामले को खत्म कराने के लिए यह झूठा मामला दर्ज कराया गया है। मामला अधिकारियों के संज्ञान में है।