मुजफ्फरनगर। शहर के शाहबुद्दीनपुर रोड पर सपा नेता के पिता ने दुकान पर सामान लेने आई आठ साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें की। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सपा नेता और पूर्व सभासद के पति शौकत अंसारी की शाहबुद्दीनपुर रोड पर परचून की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम शौकत के पिता उमर दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक आठ साल की बच्ची दुकान पर सामान लेने के लिए पहुंची। आरोप है कि उमर ने बच्ची को दुकान में अंदर बुला लिया और छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें कीं। किसी तरह बच्ची घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी उमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि आरोपी फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सपा नेताओं ने बनाया फैसले का दबाव
मुजफ्फरनगर। बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद सपा नेता शौकत अंसारी के पक्ष में कुछ नेताओं ने एक ओर जहां पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाया, वहीं बच्ची के परिजनों को भी समझौते के लिए बाध्य करने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां की तहरीर के आधार पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।