शामली। विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में बकाया गन्ना भुगतान व बिजली से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। किसानों ने शामली चीनी मिल को अगले पेराई सत्र में गन्ना न देने और कलक्ट्रेट को गन्ने से भरने का एलान कर दिया। मिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। डीएम ने गन्ना भुगतान के आधार पर क्रय केंद्र आवंटन और मिल के खिलाफ रिकवरी की कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
बुधवार को विकास भवन सभागार में डीएम रविंद्र सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि शामली मिल पर 90 करोड़ की चीनी है। जबकि मिल पर 290 करोड़ का बकाया है। ये किसानों का भुगतान किस तरह करेंगे। इस पर मिल के अधिकारी संतोष जनक जवाब नहीं दे पाए। किसानों ने डीएम से 14 दिन के बाद ब्याज समेत गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की। साथ ही कहा कि समिति खाद और बीज के बकाया पर उनसे ब्याज वसूलती है। जब तक किसानों का पूरा गन्ना भुगतान नहीं होता, तब तक बकाया बिल के लिए उनके कनेक्शन न काटे जाएं। किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने, निराश्रित पशुओं से छुटकारा, हरे पेड़ न कटवाने, शहर के चारों तरफ अवैध कॉलोनी बनने पर रोक लगाने, अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान कराने, गन्ने की खेती के लिए सरकार से अनुदान पर दवा दिलवाने का मुद्दा उठाया। भाकियू जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक ने तहसीलों में बकाया गन्ना भुगतान, तहसीलों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। सुनील पंवार ने कांधला में शामिल हुए बुढ़ाना के 10 गांवों का मुद्दा उठाया। कहा कि इन गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न कार्याें के लिए तीन जिलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कपिल खाटियान, देवराज पहलवान, हरीश आदि किसानों ने कहा कि अगले पेराई सत्र में किसान शामली मिल को गन्ना नहीं देंगे। उनके गांव में दूसरी चीनी मिलों के क्रय केंद्र स्थापित कराए जाएं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह कलक्ट्रेट को गन्ने से भर देंगे। इस पर सभी किसानों ने सहमति जताई। डीएम ने कहा कि मिलों को इस बार गन्ना भुगतान के आधार पर ही क्रय केंद्र आवंटित किए जाएंगे। गन्ना भुगतान न करने वाली मिलों पर रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। उप कृषि निदेशक शिव कुमार केसरी ने कृषि विभाग की समस्त योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। डीडीओ रजत यादव, जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, कृषि विज्ञान केंद्र जलालपुर से विकास मलिक, बीएसए कोमल के अलावा किसान नेता कपिल खाटियान, विदेश मलिक, कुलदीप पंवार, सवित मलिक, पप्पू मलिक आदि मौजूद रहे।
डीएम साहब... कर्मचारी नलकूप पर टांगकर चले गए मीटर
किसान दिवस में हसनपुर लुहारी का किसान थैले में विद्युत मीटर लेकर पहुंचा। किसान ने बताया कि उनके नलकूप पर विद्युत विभाग के कर्मचारी उनके नलकूप पर मीटर टांगकर चले गए। उसके कनेक्शन भी नहीं किए। 10 माह का उसका तीस हजार से ज्यादा आया है। इस पर डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मामला दिखवाने के निर्देश दिए।
बलवा और तहसील के पास बनेगा फ्लाईओवर
किसानों ने बलवा और तहसील के पास हाईवे व बाईपास के चौराहों का मुद्दा उठाया। कहा कि वहां फ्लाईओवर या गोल चक्कर न बनने से हादसे होंगे। जिस पर डीएम ने बताया कि बलवा और तहसील के पास फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता हो गई है। किसानों ने भैंसवाल रोड पर इसी तरह की समस्या की बात कही तो डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सनत गुप्त रिशी को इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
आपस में ही उलझ गए किसान नेता
किसान दिवस करीब एक घंटे ही चला। इस दौरान हंगामा ही होता रहा। कई मुद्दों पर किसान नेता आपस में भी उलझते दिखाई दिए। अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया।