शामली/बाबरी। दो दिनों में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर दो चचेरे भाइयों से ढाई लाख रुपये ठगने पर दो सिपाहियों समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने दोनों सिपाहियों मयन और प्रवेश कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
कांधला थानाक्षेत्र के गांव पंजोखरा निवासी शुभम ने बाबरी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पूर्व में उसके साथ पढ़ने वाले दीपक निवासी गांव रसीदगढ़ और उसके साथी सरफराज निवासी गांव काजीपुरा ने उसको और उसके चचेरे भाई अंकित को दो दिन में रकम दोगुनी करने की योजना बताई। 27 मई को उसने अपने भाई अंकित के साथ थानाभवन जाकर दीपक व सरफराज को 1.70 लाख रुपये नकद दिए। दो दिन बाद दोगुने रुपये मांगे तो उन्होंने पूरे ढाई लाख रुपये देने को कहा। इस पर उसने एक जून को 80 हजार रुपये सरफराज के घर जाकर दिए। शुभम के मुताबिक वहां से दीपक व सरफराज अपने साथियों के साथ कार में ले गए और लालूखेड़ी के पास मारपीट कर उसे भगा दिया। उसने अंकित को बुटराड़ा बस स्टैंड पर बुलाकर डायल 112 पर सूचना दी।
एसपी ने बताया कि आरोपी लोगों को पैसे डबल करने का लालच देते थे। झांसे में लेने के लिए एक नंबर के दो नोट दिखाते थे, उनमें एक नोट का नंबर बदल देते थे। फिर लोगों को पैसे लेकर किसी सुनसान जगह बुलाते थे। पैसे लेने के बाद पुलिस को बुलाते थे। पुलिस के नाम पर निलंबित किए गए दोनों सिपाही ही आते थे, जिनको देखकर आरोपी वहां से भाग जाते थे और सिपाही पीड़ितों को भी डरा धमका कर भगा देते थे।
लोगों को झांसे में लेने के लिए एक नंबर के दो नोट दिखाते थे
शामली। एसपी ने बताया गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया ये लोग मिलकर लोगों से पैसे लेकर उन्हें डबल करने का लालच देते थे। लोगों को झांसे में लेने के लिए एक नंबर के दो नोट दिखाते थे।
उनमें एक नोट का नंबर बदल देते थे और लोगों को इसी तरह के रकम दुगनी करने की बात कहकर झांसे में लेते थे। फिर उन लोगों को पैसे लेकर किसी सुनसान जगह बुलाते थे। पैसे लेने के बाद पुलिस को बुलाते थे। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग जाते थे।
एसपी अभिषेक ने बुधवार को बताया कि इस प्रकरण की जांच कराई गई तो ठगी के इस धंधे में शामिल पांच लोगों के साथ बाबरी थाने पर तैनात सिपाही मयन और प्रवेश कुमार की भी संलिप्तता पाई गई। बाबरी थाने पर दीपक निवासी गांव रसीदगढ़, जतिन निवासी गांव काजीपुरा थाना थानाभवन, इमरान मोहल्ला कस्साबान थानाभवन, जावेद उर्फ सरफराज निवासी गांव भैंसानी थाना थानाभवन, महताब निवासी गांव औरंगाबाद भावनपुर मेरठ, बाबरी थाने पर तैनात सिपाही मयन व प्रवेश कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। ण् एसपी ने बताया दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। दोनों सिपाहियों की विवेचनात्मक और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इस प्रकरण में दो आरोपी जतिन और जावेद उर्फ सरफराज को गिरफ्तार कर लिया गया है।