मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में घटी मरीजों की संख्या
पिछले सप्ताह पहुंचे थे 661 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले पर भी बारिश का असर पड़ा है। बारिश की वजह से आरोग्य मेले में मरीजों की संख्या घट गई। इस बार 474 मरीज ही पहुंचे हैं जबकि पिछले सप्ताह 661 मरीजों को उपचार मिला था। मेले में मौसमी बीमारी वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज ज्यादा रहे। मेले में आयुष्मान भारत योजना के 66 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
रविवार को जिले में सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। रात को शुरू हुई बारिश दिन में भी रुक-रुककर होती रही। जिसके चलते आरोग्य मेले में मरीज कम पहुंच पाए। आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक और 98 पैरा मेडिकल की ड्यूटी लगाई गई थी। मेले में 140 पुरुष मरीज, 283 महिला और 51 बच्चों ने पहुंचकर जांच व उपचार कराया। इस तरह से कुल 474 मरीजों ने आरोग्य मेले का लाभ लिया।
इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 66 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। पिछले सप्ताह के मुकाबले इस बार मरीजों की संख्या कम रही। पिछले सप्ताह 661 मरीज आरोग्य मेले में पहुंचे थे। सबसे ज्यादा 36 मरीज बाबरी पीएचसी पर पहुंचे जबकि सबसे कम आठ मरीज फुगाना पीएचसी पर पहुंचे। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला आयोजित हुआ। यहां वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी आदि के मरीज ज्यादा रहे। सभी मरीजों की जांचकर नि:शुल्क दवा देकर उपचार किया गया।