शामली। धूप की तपिश और उमस से बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। जिले में चल रहे दस्तक अभियान की पहले दो सप्ताह की जारी रिपोर्ट में बुखार के सबसे ज्यादा 181 मरीज सामने आए हैं जबकि नजला, जुकाम व खांसी के 97 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य टीमों ने 254842 घरों में सर्वे किया है।
जिले में 11 जुलाई से शुरू हुए दस्तक अभियान में दूसरे सप्ताह की 18 से 24 जुलाई तक की रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में भी बुखार के केस सबसे ज्यादा सामने आए हैं। दूसरे सप्ताह की रिपोर्ट में बुखार के 86 केस मिले हैं। नजला, खांसी व जुकाम के 29 केस मिले हैं। क्षय रोगी दो और कुपोषित तीन बच्चे मिले हैं। इस तरह से 11 जुलाई से 24 जुलाई तक यानि दो सप्ताह में स्वास्थ्य टीमों ने 130143 घरों पद दस्तक दी है। इनमें बुखार के 181 केस सामने आए हैं। नजला, जुकाम व खांसी के 97 मरीज मिले। क्षय रोग के पांच और कुपोषित पांच बच्चे मिले हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि बारिश न होने से तेज धूप और उमस के कारण बुखार के मरीज ज्यादा सामने आ रहे हैं। लोगों को इस मौसम में बुखार से बचाव के लिए धूप में जाने से बचना चाहिए। गर्मी से बचाव के सभी तरीके अपनाने चाहिए। उधर, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि इस मौसम में बुखार, नजला, खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। अस्पताल में सभी मरीजों की जांच कर दवा उपलब्ध कराई जा रही है।