जलालाबाद। आठ दिन में बुखार से भाई बहन की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने चिकित्सक के क्लीनिक पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक के बाहर हंगामा किया।
कस्बे के मोहल्ला हरिनगर निवासी विनोद के परिवार पर बुखार ने कहर बरपाया है। विनोद के अनुसार 16 अक्तूबर को उसकी 11 साल की बेटी साक्षी की बुखार से कारण क स्बे के एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे शामली रेफर कर दिया गया लेकिन उसकी मौत हो गई थी। 21 अक्तूबर को उसका बड़ा बेटा विशाल बुूखार की चपेट में आया था, उसे भी परिजन जलालाबाद उक्त चिकित्सक के यहां ले गए।
परिजनों के अनुसार दो दिन भर्ती रखने के बाद चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए शामली भेज दिया, लेकिन शामली में चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए पानीपत ले जाने की सलाह दी। उन्होंने पानीपत में उसे भर्ती कराया जहां शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई। इस मौत से परिजन गुस्सा गए। उन्होंने जलालाबाद कस्बे के निजी चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए।
उनका आरोप था कि उक्त चिकित्सक ने दोनों बच्चों को अपने यहां भर्ती करके इलाज के नाम पर उनसे रुपये ऐंठे। यदि वह अपने यहां भर्ती करने की बजाय उन्हें बाहर भेज देता तो शायद बच्चों को बचाया जा सकता था। उसकी इसी लापरवाही की वजह से बच्चों की मौत हुई है।
परिजनों ने उक्त चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ थानाभवन थाने में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाभवन पुलिस ने बताया कि उक्त चिकित्सक के यहां दबिश दी गई, लेकिन उसका क्लीनिक बंद मिला।
उक्त चिकित्सक का रजिस्ट्रेशन है या नहीं? इसकी जानकारी चिकित्सक के कागजात के आधार पर ही संभव होगी। इस संबंध में सीएमओ से वार्ता के प्रयास किए गए लेकिन वार्ता नहीं हो सकी। उधर आठ दिनों में दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा है। मोहल्लावासी भी शोक में हैं।