कोरोना का डर : स्कूल 22 तक बंद, परिषदीय स्कूलों की टली परीक्षा
शामली। कोरोना वायरस को लेकर शासन के निर्देश पर कक्षा आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में 16 मार्च से होने वाली वार्षिक परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। उधर, डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की आपात बैठक बुलाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शहर में होर्डिंग और कालेजों में पोस्टर पैम्फलेट बंटवाने को कहा गया है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि यूपी बोर्ड, आईसीएसई और सीबीएसई के कक्षा आठ तक के स्कूलों में 22 मार्च तक अवकाश रहेेगा। 16 से 23 मार्च तक परिषदीय स्कूलों में होने वाली वार्षिक परीक्षाएं अब 23 से 28 मार्च के बीच कराई जाएंगी। सभी स्कूल कालेजों में कोरोना वायरस संबंधी पोस्टर आदि लगाने के निर्देश भी डीआईओएस और बीएसए को दिए हैं। उधर, जिले में सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं ये परीक्षाएं निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी। कुछ स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं के एक दो पेपर रह गए हैं, इन्हें लेकर संचालक कुछ चिंतित नहीं थे। सिल्वर बेल्स स्कूल के प्रधानाचार्य एके गोयल ने बताया कि जहां परीक्षाएं शुरू नहीं हुई है उन्हें आगे कराने को कहा गया है। उनके यहां एक दो गृह परीक्षाएं बची हैं उन्हें निर्धारित शेडयूल से करा लिया जाएगा। शहर में आईसीएसई का एक स्कूल हैं जहां पर सोमवार से नया शैक्षिक सत्र शुरू होने वाला है।
सीएमओ ने वीडियो जारी कर सुझाए उपाय
शामली। डीएम ने शुक्रवार रात को कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएमओ ने अब तक किए इंतजाम के बारे में बताया। सीएमओ ने कहा कि जिला अस्पताल के पास बर्न वार्ड में कोरेनटाइन वार्ड बनाया गया है। आशा और एएनएम भी गांव गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। शहर में होर्डिंग्स भी लगवाए जा रहे हैं। सीएमओ ने एक वीडियो भी बनवाई है जिसे सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाकर कोराना से बचने के उपाय बताए गए हैं।