तेज हवा से बिजली घर में फाल्ट, विद्युत आपूर्ति बाधित
शामली। तेज हवा चलने से जिले के कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी रात ठप रही। जिसके चलते गांव अंधेरे में डूबे रहे।
मंगलवार की शाम से ही क्षेत्र में तेज हवा चलनी शुरू हो गई। पूरी रात आंधी की तरह हवा चलती रही। जिसके चलते बिजली की लाइनों को काफी नुकसान हुआ। बुधवार को भैंसवाल बिजलीघर से जुड़े फीडर की बिजली आपूर्ति 20 घंटे से ज्यादा ठप रही। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राजपाल रघुवंशी ने बताया कि 132 केवी कंडेला बिजलीघर मे मंगलवार की रात फाल्ट आने से भैंसवाल बिजलीघर समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हुई है। बुधवार दोपहर तीन बजे तक भैंसवाल बिजलीघर की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
मौसम ने करवट बदली, पूरी रात तेज हवा चली
शामली। मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मंगलवार की पूरी रात तेज हवा चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई।
बुधवार सुबह से धूप के साथ करीब 22 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चली। शाम चार बजे के बाद आकाश में हल्के बादल छा गए। दिन का तापमान स्थिर रहा। दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के नोडल अधिकारी डॉ. यूपी शाही के मुताबिक बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिन का तापमान मिश्रित रहेगा। शनिवार को बारिश की संभावना है। रविवार को भी आकाश में बादल और धूप निकलने से मौसम मिश्रित रहेगा।