शामली। प्रदेशभर में जिन किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है इस बार उन्हें सम्मान निधि नहीं मिल सकेगी। शासन ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री कराने वालों की रैंक जारी की है। प्रदेश में फर्रुखाबाद सबसे अधिक 25.40 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कर प्रदेश में पहले अंबेडकरनगर 10.72 प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री कर दूसरे तो शामली मात्र 2.93 प्रतिशत रजिस्ट्री कर 28 वें तो बागपत टाप टेन में जगह बनाने में कामयाब रहा है। बागपत 6.13 प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री कर आठवें स्थान पर है।
दरअसल, सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। सभी किसानों की डिजिटल डाटा के रूप में फार्मर रजिस्ट्री बनेगी। रजिस्ट्री कराने की अंतिम तारीख 20 जनवरी है। प्रदेश में 2.22 करोड़ किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं, जिनकी रजिस्ट्री होनी है।
कृषि उपनिदेशक प्रमोद कुमार और कृषि अधिकारी प्रदीप यादव के अनुसार, रजिस्ट्री कराने वाले अभी तक के जिलों की रैंक जारी की गई है, जिसमें फर्रुखाबाद ने सबसे अधिक 25.4 प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री कर प्रदेश में पहला स्थान पाया। दूसरे स्थान पर गाजियाबाद रहा। जबकि शामली ने 28वां स्थान पाया। यहां पर 2.93 प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री हो पाई है। अभियान चलाया जा रहा है। प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द सभी किसानों की रजिस्ट्री कर दी जाए।
फैक्ट फाइल...
प्रदेशभर में सम्मान निधि लेने वाले किसानों की संख्या : 2.22 करोड़
प्रदेश में अभी तक रजिस्ट्री कराने वाले किसानों की संख्या : 6.46 लाख
रजिस्ट्री कराने वालों का अभी तक का प्रतिशत : 2.90 प्रतिशत
वेस्ट यूपी के जिलों का अभी तक यह रहा रजिस्ट्री कराने का प्रदर्शन...
सहारनपुर का 14वां स्थान है, यहां 271099 किसान हैं, जिनमें से 12443 किसानों की रजिस्ट्री हुई जो 4.59 प्रतिशत है।
बिजनौर 22वें स्थान पर है। यहां पर 311028 किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं जिनमें 11447 ने रजिस्ट्री कराई, प्रतिशत 3.68 है।
मुजफ्फरनगर 23 वें स्थान है। यहां पर 191527 किसान हैं, जिनमें से 6683 ने रजिस्ट्री कराई जो 3.39 प्रतिशत है।
शामली प्रदेश में 28वें स्थान पर है, यहां पर 101707 किसान हैं, जिनमें से 2985 ने रजिस्ट्री कराई जो 2.93 प्रतिशत है।
मेरठ 51वें स्थान है। यहां पर 173862 किसान हैं, जिनमें से 2792 ने रजिस्ट्री कराई जो मात्र 1.61 प्रतिशत है।
टॉप 10 जिले
जिले का नाम कुल किसान रजिस्ट्री कराने वाले किसान प्रतिशत
फर्रुखाबाद 201724 51233 25.40 प्रतिशत
अंबेडकर नगर 367827 39421 10.72 प्रतिशत
गाजियाबाद 44099 4094 9.28
जालौन 186555 15773 8.44
जौनपुर 694604 48617 6.98
मिर्जापुर 285884 18618 6.51
बागपत 94645 5800 6.13
पीलीभीत 287534 17115 5.95
वाराणसी 211762 12302 5.81
मुरादाबाद 248233 13565 5.46
नोट : ब्योरा कृषि विभाग से लिया गया है।
योजनाओं का सीधे मिलेगा लाभ
कृषि अधिकारी प्रदीप यादव के अनुसार, फार्मर रजिस्ट्री से पीएम सम्मान निधि ही नहीं बल्कि केसीसी, फसल बीमा, एमएसपी आदि योजनाओं के लिए किसानों को भटकना नहीं पड़ेगा।किसान जन सेवा केंद्र या फिर खुद भी मोबाइल फार्मर रजिस्ट्री एप के माध्यम से डिजिटल डाटा बना सकते हैं।
किसानों को सरकारी योजना का लाभ बिना फार्मर आईडी के नहीं मिल पाएगा। सभी तहसीलों में अभियान चलाया जा रहा है।किसान स्वयं भी मोबाइल पर एप्लीकेशन डाउनलोड करके आईडी बना सकते हैं। किसानों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गांवों में भी मुनादी कराई जा रही है।
अरविंद चौहान, जिलाधिकारी शामली