शामली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर चेतावनी दी है कि गन्ना समिति में घोटाला करने वाले आरोपियों को जेल नहीं भेजा गया तो भाकियू कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सामने आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगे।
सोमवार को बारह बजे भाकियू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद निर्वाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम भेजे ज्ञापन में भाकियू नेता ने गन्ना समिति में हुए घोटाला की जांच सही न होने का आरोप लगाया। ज्ञापन में गन्ना समिति पर ग्राम पावटी कलां के किसानों के वर्ष 2002- 03 में समिति के माध्यम से दया शुगर गागलहेड़ी को दिए गए गन्ने का भुगतान समिति को प्राप्त होने पर भी किसानों को नहीं दिया गया। समिति पर सारा रिकार्ड गायब करने का आरोप लगाया।
ज्ञापन में जानकारी दी कि समिति के दस्तावेज गायब कर रद्दी में बेचे जा रहे हैं। दोषी कर्मचारी खुलेआम घूम रहे हैं। ज्ञापन में चेतावनी दी है कि घोटाला करने वाले कर्मचारियों को जेल नहीं भेजा गया और मिल से किसानों का भुगतान नहीं दिलाया तो भाकियू कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आएंगे। मुख्यमंत्री के सामने भाकियू नेता विनोद निर्वाल, उदयवीर सिंह, जवाहर सिंह, रणधीर सिंह, सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री के सामने आत्मदाह करेंगे।
प्रदर्शन करने वालों में गन्ना समिति के डायरेक्टर पुष्पेंद्र निर्वाल, अजय पंवार, राजेंद्र निर्वाल, सुमित निर्वाल, उदयवीर सिंह चौधरी, जवाहर सिंह, जवाहर सिंह, रणधीर सिंह एवं पावटी कलंा के किसान मौजूद रहे।
आठ नमूने लिए
शामली। डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी आनंद कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने थानाभवन में खाद एवं बीज की दुकानों पर छापेमारी करके खाद के आठ नमूने लिए । नमूनों को प्रयोग शाला में जांच के लिए भेज दिया है।