फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शामली: हाईवे पर ट्रक ने भैंसा बुग्गी में मारी टक्कर, किसान की मौत, श्रमिक गंभीर घायल

Fri, 26 Jun 2020 12:44 AM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
accident - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव टिटौली में भैंसा बुग्गी से खेत जा रहे किसान और श्रमिक को तेज रफ्तार ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। किसान की मौत हो गई जबकि श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्पीड ब्रेकर बनवाने और मुआवजे की मांग की। एसडीएम सदर के आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद जाम खुला।

विज्ञापन


आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव टिटौली निवासी किसान सुक्रमपाल (60 वर्षीय) और श्रमिक गौरव बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे भैंसा बुग्गी लेकर खेत जा रहे थे। गांव में ही मेरठ-करनाल हाईवे पर करनाल की तरफ से आए 12 टायरा ट्रक ने भैंसा बुग्गी में टक्कर मार दी। किसान की मौके पर मौत हो गई। मौके पर भीड़ इकट्ठा होने के बाद शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।

आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्रमिक को शामली अस्पताल ले जाने के बाद मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस के कहने पर भी ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में आए दिन हादसे होते हैं, इसका समाधान होना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

बाद में मौके पर आए एसडीएम सदर संदीप कुमार और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार से ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने, मृतक आश्रितों को किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाने, घायल श्रमिक के उपचार और मुआवजा की मांग की।

एसडीएम ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब नौ बजे जाम खोल दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। किसान के पुत्र रविंद्र की तरफ से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है।

हाईवे पर लगी वाहनों की लाइनें
 गांव टिटौली में ग्रामीणों द्वारा करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहने से मेरठ-करनाल हाईवे पर दोनों तरफ हल्के और भारी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। ग्रामीणों ने हाईवे पर एक तरफ शव रखकर जाम किया था तो दूसरी तरफ ट्रक को तिरछा खड़ा कराकर हाईवे को अवरुद्ध कर दिया था। किसी वाहन को नहीं निकलने दिया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजीव शास्त्री ने बताया कि ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग रखी और किसी तरह का हंगामा या दुर्व्यवहार नहीं किया। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले हाईवे पर कार की टक्कर लगने से उनकी घोड़ी की भी मौत हुई थी। गांव में स्पीड ब्रेकर न होने से वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते रहते है।
 
 
 
शामली क्षेत्र के गांव टिटौली में वृद्ध की मौत के बाद जाम लगाते लोग।- फोटो : SHAMLI
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें