चौसाना। क्षेत्र के गांव खेड़ी खुशनाम में गौतम (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतक के भाई सागर ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर गांव के तीन युवकों पर हत्या करने की आशंका जताई है। इस मामले में पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।
सागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गौतम बृहस्पतिवार की शाम करीब आठ बजे घर से लापता हो गया था। 18 सितंबर की सुबह परिजनों को उसे गांव के तीन युवकों के साथ देखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने आरोपी के घर पहुंचकर जानकारी ली तो उसने गौतम की तबीयत खराब होने की बात कही।
सागर ने आशंका जताई कि गौतम को नशीला अथवा हानिकारक पदार्थ देकर हत्या की गई और शव को कार से ले जाकर नष्ट करने का प्रयास करने की कोशिश का आरोप लगाया। जांच अधिकारी चौसाना चौकी इंचार्ज राहुल कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। संवाद