फर्जी स्कूल की जांच करते डीआईओएस जेएस शाक्य
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के गांव जंधेड़ी में कक्षा 10 तक के संचालित हो रहे एक फर्जी स्कूल को पकड़ा है। स्कूल के सभी रजिस्टर कब्जे में ले लिए है। बताया कि जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जेएस शाक्य ने बताया कि वह शनिवार को स्कूलों का निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने एक घर से बड़े बड़े छात्र बैग लेकर निकल रहे थे, जिसके बाद उन्होंने देखा तो वहां स्कूल का कोई बोर्ड नहीं लगा था। अंदर पहुंचे तो छात्र लगभग जा चुके थे। मकान में तीन लोग मिले। पूछने पर उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में बबलू पुत्र सेवाराम निवासी भूरा स्कूल को संचालित करता था। उन्होंने स्कूल की कक्षा पांच तक की मान्यता मुजफ्फरनगर से ली हुई थी। उसके बाद उनकी नौकरी लग गई।
जिसके बाद से अरविंद पुत्र इंद्रपाल स्कूल संचालित कर रहा है। डीआईओएस ने बताया कि सोसायटी की मान्यता पांच वर्ष के लिए होती है। पिछले 10 वर्ष से स्कूल का कोई नवीनीकरण तक नहीं हुआ है। इस संबंध में कोई कागजात भी मौके पर नहीं दिखा पाए। स्कूल कक्षा 10 तक संचालित हो रहा है, वहीं मेज के अंदर कक्षा 11 की एक छात्रा का भी पंजीकरण मिला है। जिसके बाद स्कूल के सभी रजिस्टर और अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। उन्होंने बताया कि रजिस्टर आदि चेक करने के बाद खामियां मिलने पर स्कूल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।