पारिवारिक विवाद में बनाई फर्जी फेसबुक आईडी
शामली। साइबर सेल ने पारिवारिक विवाद में मां और भाभी की फोटो लगाकर फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फेसबुक बनाने व चलाने में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है।
शहर के गऊशाला रोड निवासी व्यक्ति ने करीब चार माह पूर्व एसपी अजय कुमार को शिकायत पत्र देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी पत्नी और मां की फोटो को फेसबुक टाइमलाइन पर पोस्ट कर परिवार की छवि धूमिल कर रहा है।
एसपी ने इस मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर शहर कोतवाली में अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया। साइबर सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि जांच में जानकारी मिली कि अज्ञात व्यक्ति लगातार उनके परिवार के सदस्यों की फेक फेसबुक आईडी साइबर सेल के द्वारा डिलीट कराने के बाद बार-बार बना रहा है। साइबर सेल द्वारा फेक फेसबुक प्रोफाइल चलाने वाले आरोपी की पहचान के लिए फेक फेसबुक प्रोफाइल का डाटा फेसबुक मुख्यालय कैलीफोर्निया से प्राप्त करने के लिए पत्राचार किया। फेसबुक मुख्यालय से मिले डाटा के आधार पर साइबर सेल के डिटेक्शन के बाद आरोपी की पहचान की गई।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साइबर सेल प्रभारी के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका अपने भाई से पारिवारिक विवाद चल रहा है। वह अपने बच्चों को लेकर अलग रहता है। उसकी मां भी उसके भाई के साथ रहती है। उन लोगों को परेशान करने और उनकी छवि धूमिल करने के लिए उसने पहले अपनी भाभी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। जब वह डिलीट करा दी तो उसने फिर अपनी मां की आईडी बना दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फेसबुक आईडी बनाने व चलाने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल बरामद किया है।