शामली। झिंझाना पुलिस और एसओजी के साथ मुठभेड़ में बृहस्पतिवार रात को मारा गया संजीव जीवा गैंग का एक लाख का इनामी बदमाश फैसल पुलिस की एक गोली लगने से ढेर हो गया। उसे छाती में गोली लगी थी। पुलिस का दावा है कि वह संजीव जीवा और माफिया मुख्तार अंसारी गैंग का शॉर्प शूटर था। वह गैंग में नए सदस्यों को जोड़ने का काम कर रहा था।
झिंझाना क्षेत्र के गांव भोगी माजरा से मछरौली मार्ग पर बाइक लूटकर भाग रहे बाइक सवार दो बदमाशों के साथ पुलिस व एसओजी टीम के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश फैसल हाल निवासी खादरवाला थाना खालापार मुजफ्फरनगर मारा गया था। वह मूल रूप से समरगार्डन फतेलापुर थाना लिसाढ़ी गेट मेरठ का रहने वाला था।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि मारे गए बदमाश के कब्जे से 32 बोर के दो पिस्टल, नौ कारतूस, पांच खोखा, मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद हुई थी। बदमाशों के पास एक बाइक कुछ समय पहले लूटी गई थी जबकि दूसरी बाइक उस पर अंकित नंबर के अनुसार नजर महमूद निवासी मोमीननगर हुमायू नगर पोस्ट घंटाघर मेरठ के नाम पर मिली है।
मुठभेड़ के दौरान झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना, एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी है, जिससे वे बच गए। पुलिस की तरफ से झिंझाना थाना प्रभारी, एसओजी प्रभारी और हेड कांस्टेबल हरविंदर के पिस्टल से एक-एक गोली यानि कुल तीन गोली चली।
इसमें एक गोली बदमाश फैसल की छाती में लगी, जिससे उसकी मौत हुई। मुठभेड़ के दौरान सिपाही दीपक भी पैर में गोली लगने से घायल हुआ था। एसपी ने बताया कि फैसल का माफिया मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग का शॉर्प शूटर था।
बाइक व नकदी लूटने का मुकदमा दर्ज : एक लाख रुपये के इनामी फैसल व उसके साथी ने झिंझाना क्षेत्र में बाइक व नकदी लूटने की घटना की थी। बृहस्पतिवार रात को फैसल मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि उसका साथी मौके से भाग गया था। इस मामले में कैराना क्षेत्र के गांव बरनावी निवासी जीतराम की तरफ से झिंझाना थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जीतराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम करीब सवा छह बजे थानाभवन से अपने गांव बरनावी बाइक से अपनी पत्नी के साथ जा रहा था। वेदखेड़ी गांव के बाग के पास पीछे से बाइक पर आए दो लोगों ने रोककर उससे तीन हजार रुपये, मोबाइल व बाइक लूट ली थी और झिंझाना की और भागते हुए दो फायर भी किए थे।
जंगल छावनी में बदला, गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे ग्रामीण : गांव भोगीमाजरा से मछरौली जाने वाले रास्ते पर बृहस्पतिवार रात जहां बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है, वहां पर दोनों गांवों के बीच दूर तक जंगल फैला है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग हुई। दोनों तरफ से 10 से ज्यादा राउंड गोली चली। जंगल में चली गोलियों की तड़तड़हाट दोनों गांवों तक पहुंची तो ग्रामीण सहमे रहे। बाद में एसपी एनपी सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी।
आठ साल में 12 बदमाशों को पुलिस ने किया ढेर : शामली। शामली पुलिस ने पांच दिन में एक-एक लाख के इनामी दो बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर किया है। शनिवार को कांधला पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक लाख के इनामी नफीस निवासी कांधला मुठभेड़ में मारा गया था। इसके बाद बृहस्पतिवार की रात को झिंझाना पुलिस व एसओजी के साथ मुठभेड़ में फैसल निवासी खादरवाला मुजफ्फरनगर ढेर हुआ।
उधर, शामली पुलिस के रिकार्ड के मुताबिक आठ साल में हुई मुठभेड़ों में मारा जाने वाला फैसल 12वां बदमाश रहा है। इससे पहले पुलिस 12 हजार के इनामी नौशाद उर्फ डैनी, 12 हजार के इनामी सरवर, पांच हजार के इनामी इकराम उर्फ टोला, 12 हजार के इनामी राजू उर्फ राजेंद्र, डेढ़ लाख का इनामी साबिर जंधेड़ी, 20 हजार का इनामी अकबर, एक लाख का इनामी अरशद व उसके साथी मंजीत निवासी करनाल, सतीश निवासी खरखौदा हरियाणा, मनवीर निवासी करनाल को मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है।