शामली। जिला अस्पताल में नेत्र सर्जन डॉ. शबीब के इस्तीफा देने के बाद मरीजों को उपचार नहीं मिल सका। ऑपरेशन कराने आए मरीजों को वापस भेज दिया गया। ओपीडी में मरीजों की सिर्फ आंखों की जांच की गई, लेकिन चिकित्सक न होने से समुचित उपचार नहीं मिल सका।
जिला अस्पताल में नियुक्त नेत्र सर्जन डॉ. शबीब ने बृहस्पतिवार को पारिवारिक कारण बताते हुए सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इनके इस्तीफा देने के बाद अस्पताल में अब नेत्र चिकित्सक/सर्जन का पद रिक्त हो गया है। शुक्रवार को ओपीडी में 119 नेत्र रोगी पहुंचे, लेकिन नेत्र चिकित्सक न होने से मरीजों को उपचार नहीं मिल सका। ओपीडी में नेत्र परीक्षण अधिकारी राजकुमार ने केवल आंखों की जांच की जबकि नेत्र चिकित्सक न होने से मरीज को बिना उपचार के वापस जाना पड़ा। इसके अलावा जिला अस्पताल में दो माह पहले मोतियाबिंद के ऑपरेशन की जो सुविधा शुरू हुई थी, वह बंद हो गई। आंखों के ऑपरेशन के लिए सप्ताह में मंगलवार और शुक्रवार दो दिन तय थे। एक दिन में चार से छह मरीजों की आंखों के ऑपरेशन होते थे। शुक्रवार को देय तिथि पर ऑपरेशन कराने के लिए चार मरीज अस्पताल पहुंचे, लेकिन नेत्र सर्जन न होने के कारण उन्हें बिना ऑपरेशन के ही वापस भेज दिया। मरीजों से कहा गया कि फिलहाल नेत्र सर्जन न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो सकते। नेत्र सर्जन के आने पर उन्हें जानकारी दी जाएगी।
जिले में अब एक मात्र सर्जन नियुक्त
डॉ. शबीब के इस्तीफा देने के बाद जिले में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार नेत्र सर्जन रह गए हैं। शासन के आदेश है कि मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी और उप मुख्य चिकित्साधिकारी अपने प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ सप्ताह में तीन दिन दो घंटे प्रति दिवस चिकित्सीय कार्य करेंगे। सप्ताह में दिन नियत करने का दायित्व सीएमओ का होगा।
बोले मरीज
शहर के मोहल्ला मोमीननगर निवासी हनीफा ने बताया कि उन्हें आंख के ऑपरेशन के लिए शुक्रवार की तारीख दी गई थी। वह ऑपरेशन कराने पहुंची, लेकिन यहां बताया गया कि नेत्र चिकित्सक न होना बताकर वापस जाने को कहा गया है।
गांव काबड़ौत निवासी शिवकुमार ने बताया कि उसे आंख के ऑपरेशन की तारीख थी। वह जिला अस्पताल ऑपरेशन कराने आए थे। यहां आने पर बताया कि चिकित्सक न होने के कारण ऑपरेशन नहीं होगा। जब चिकित्सक आएंगे तो उन्हें सूचना दे दी जाएगी।
सीएमओ सहारनपुर से मांगी जानकारी
शामली। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा ने बताया कि नेत्र सर्जन डॉ. शबीब का इस्तीफा अभी शासन को नहीं भेजा गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। नेत्र सर्जन के नाम से सहारनपुर में प्राइवेट अस्पताल में आयुष्मान योजना संचालित होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सीएमओ सहारनपुर को पत्र भेजकर जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा उनके स्तर से भी दो चिकित्सकों की टीम बनाई गई है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट तैयारा कर शासन को भेजी जाएगी। इसके साथ ही नेत्र सर्जन का इस्तीफा भेजा जाएगा।