शामली एमएसके रोड पर सोमवार रात करीब 9.30 बजे में फैला स्मॉग।
- फोटो : SHAMLI
प्रदूषण से आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी
शामली। कई दिनों से छा रहा स्मॉग दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। शाम होते ही जिला धुंध की चादर में लिपट जाता है और रात भर यही हालात रहते हैं। दिन में भी हल्का स्मॉग नजर आता है। बढ़ते जा रहे प्रदूषण के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई है।
बीते कई दिनों से प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार शाम को भी दिन छिपते ही स्मॉग बढ़ गया। लोगों की परेशानी पढ़ने लगी। आंखों में जलन होने से लोग परेशान रहे तथा सांस लेने में भी परेशानी महसूस हुई। खासतौर से बुजुर्गों के लिए यह प्रदूषण काफी हानिकारक है। हृदय रोगियों, सांस के मरीजों के लिए मुसीबत बना हुआ है। जनपद में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से ऊपर चल रहा है, जो कि खराब स्तर है। एसीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा का कहना है कि प्रदूषण में घर से बाहर न निकलें तो ही अच्छा है। बचाव के लिए मास्क लगाएं। सांस और हृदय रोगियों को सुबह-शाम घूमने निकलने से बचना चाहिए।