क्षेत्र के एक विद्यालय मेें कक्षा 6 से 8 तक की छात्राएं छात्रावास में ही रहकर पढ़ाई करतीं हैं। ग्रामीण व आसपास के क्षेत्र के लोग अपनी बच्चियों को वहां पढ़ाई कराने के लिए भेजते हैं। एक वीडियो और कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विद्यालय का चौकीदार अशोक छात्राओं से चेहरे की मसाज कराता दिखाई दे रहा है।
वहीं दूसरे वीडियो में वह छात्राओं की बीच हरियाणवी गानों पर ठुमके लगाता नजर आ रहा है, हैरानी की बात तो यह है कि वहां की शिक्षिका भी वीडियो में बैठी दिखाई दे रही है। वहीं कुछ छात्राओं की ऑडियो भी वायरल हो रही है जिसमें छात्राएं विद्यालय के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगा रहीं हैं।
कहा जा रहा है कि छात्राओं से मशीन में अपने कपड़े धुलवाए जाते हैं साथ ही प्रेस भी करवाई जाती है। बच्चों के दूध से मलाई उतारकर उसका घी बनाकर खाने की बात भी छात्राएं रिकार्डिंग में कह रहीं हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद बीएसए ने मामले में जांच बैठा दी है।
बीएसए ने कही ये बात
मामला बेहद गंभीर है, पहले प्राथमिक स्तर से वह वायरल वीडियो की पुष्टि कराएंगी कि वह कब की है। उसके बाद विभागीय जांच कराई जाएगी। अभी खंड शिक्षा अधिकारी को जांच दी जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, कठोर कार्रवाई होगी। वहीं दोषियों की संविदा समाप्त की जाएगी। - कुमारी कोमल, बेसिक शिक्षा अधिकारी शामली।