शामली। जिले में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के जिला समन्वयक एवं वीवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने बताया परीक्षा की प्रथम पाली सुबह नौ बजे से शुरू होगी। परीक्षार्थियों को आठ बजे से पूर्व ही परीक्षा केंद्र पर अवश्य पहुंचना होगा। आठ बजे के बाद केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षार्थियों को 8:45 बजे प्रश्नपत्र वितरित कर दिए जाएंगे।
परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसके लिए एक बजे से प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी। विश्वविद्यालय की तरफ से सभी परीक्षा केंद्रों पर एचडी कैमरे लगवाए गए हैं, जो विश्वविद्यालय में कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। परीक्षार्थियों ने अगर किसी अनुचित साधन का प्रयोग किया तो उसको कंट्रोल रूम में मौजूद टीम नजर रखेगी और उस परीक्षार्थी की परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। सभी परीक्षार्थी अपने साथ प्रवेश पत्र लेकर आएंगे। साथ में एक फोटो जो परीक्षार्थी फार्म भरते समय लगाया था, वही फोटो लाना होगा। वह फोटो अपने प्रवेश पत्र पर लगाकर कक्ष निरीक्षक को सौंपना होगा।
परीक्षा केंद्र पर क्या लाना है-
1. प्रवेश पत्र का प्रिंट दो प्रतियों में।
2. एक फोटो जो फार्म भरते समय लगाया था वह भी लाना है।
3. कोई भी एक पहचान पत्र।
4. ट्रांसपेरेंट किट ला सकते हैं, जिसमें परीक्षार्थी अपना पैन, फोटो, पैसे वगैरह रख सकते हैं।
5. कोशिश करें कि जूते के स्थान पर चप्पल पहन कर आएं।
परीक्षा केंद्र पर क्या नहीं लाना है-
1. मोबाइल
2. पेजर
3. स्मार्ट वॉच
4. स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे नेक बैंड, ब्लूटूथ इत्यादि
5. पर्स
6. केंद्र के अंदर पानी या अन्य किसी प्रकार का पेय पदार्थ लाना वर्जित है।
7. सिर पर कोई पगड़ी आदि नहीं पहनना है (सिख विद्यार्थियों को छोड़कर)
8. परीक्षा केंद्र पर हेलमेट पहनकर नहीं आना है।