शामली। जवाहर नवोदय विद्यालय से संदिग्ध हालात में लापता हुआ कक्षा नौ के छात्र का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। छात्र की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। पुलिस ने विद्यालय में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली, लेकिन उसमें छात्र कहीं नजर नहीं आ रहा है।
नवीन जिला मुख्यालय के पास स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल से बृहस्पतिवार रात कक्षा नौ का छात्र आर्यन धीमान संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह छह बजे पीटी के दौरान उपस्थित न होने पर छात्र की विद्यालय के पूरे कैंपस में तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया था। इस मामले में आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसपी अभिषेक ने छात्र की तलाश के लिए थाना आदर्श मंडी के साथ गढ़ीपुख्ता पुलिस समेत तीन टीमों को लगाया गया है, लेकिन दो दिन बाद भी छात्र का सुराग नहीं लग पाया है।
उधर, छात्र का सुराग न लगने पर परिजन अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि विद्यालय में हॉस्टल की तरफ लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, लेकिन उनमें छात्र कहीं भी नजर नहीं आया है। पीछे की तरफ सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए है। उन्होंने बताया कि छात्र का अभी पता नहीं चला है। उसकी तलाश की जा रही है।