- आवश्यक सेवाओं में शामिल वाहनों को जारी किए जाएंगे पास
फोटो
शामली। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम रविंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई, जिसमें उद्योग बंधुओं व व्यापार मंडल के पदाधिकारी, कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले प्राइवेट हॉस्पिटल व एंबुलेंस के संचालक, होटल, ढाबा मालिकों, पेट्रोल पंप और डीजे संचालक मौजूद रहे। बैठम में डीएम ने सभी ट्रांसपोर्ट संचालकों के साथ कांवड़ के दौरान होने वाले रूट डायवर्जन को लेकर चर्चा की। कहा कि रूट डायवर्जन के अनुसार वाहनों का संचालन होगा। उद्योग बंधुओं व व्यापार बंधुओं से पिछले वर्षों की तरह सहयोग की अपील की। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले प्राइवेट हॉस्पिटल व एंबुलेंस के संचालकों को कांवड़ियों के लिए बेड आरक्षित रखने व सभी स्वास्थ्य सुविधा के लिए कहा गया। होटल व ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट लगवाने निर्देश दिए गए। पेट्रोल पंप संचालकों को सीसीटीवी कैमरे, शौचालय की साफ-सफाई कराने के लिए कहा गया। डीएम ने कहा सप्लाई वाहनों को पास जारी किया जाएगा, जिन्हें निर्धारित समय से ही एंट्री दी जाएगी। डीजे संचालकों को कहा कि निर्धारित डेसीबल में ही डीजे की आवाज होगी, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। डीएम ने सभी से आपसी सहयोग से कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को भव्य तरीके से संपन्न कराने की बात कही। बैठक में एसपी अभिषेक झा ने महकमे के अधिकारियों को रूट डायवर्जन, होटलों, ढाबा पर रेट लिस्ट, शिविर में रहने वाले आयोजकों का सत्यापन, डीजे की निर्धारित आवाज आदि निर्देशों का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी ओपी सिंह, सभी एसडीएम, सभी सीओ व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
-
ईद-उल-अजहा पर खुले में न हो कुर्बानी
फोटो
शामली। ईद-उल-अजहा और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार को डीएम रविंद्र सिंह ने कलक्ट्रेट में धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम ने कहा कि जिस प्रकार आप सभी अब तक सभी त्योाहर में सहयोग करते आए हैं, आगे भी ऐसे ही सहयोग प्रदान करें।
बैठक में मुस्लिम धर्मगुरुओं से कहा कि खुले में और प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न हो। कुर्बानी के अवशेष को खुले में न डालें, उनका उचित निस्तारण हो। इसका विशेष ध्यान रखा जाना है। डीएम ने धर्मगुरुओं के सुझाव सुनते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। एसपी अभिषेक झा ने कहा कि सभी शासन और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। यदि किसी भी प्रकार की कोई समस्या होती है तो उसके संबंध में तत्काल जानकारी दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके। डीएम ने सभी ईओ और डीपीआरओ को कुर्बानी के अवशेषों का निस्तारण के लिए पहले से ही व्यवस्था करने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्बाध पानी और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर पूर्व से ही सभी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।