-शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समस्या का समाधान लोग हैं परेशान
फोटो
जलालाबाद। कस्बे में हाईवे और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण के कारण कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
कस्बे में पुलिस चौकी से लेकर गंगोह चौराहा, हाईवे चौराहा व पुरानी पुलिस चौकी से लेकर पाल मार्केट, खान मार्केट, नया बाजार गंगोह रोड पर इस तरह अतिक्रमण कर रखा है, जिससे राहगीरों को पैदल निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा हाईवे के चौराहों पर अवैध रूप से चलने वाले टेंपो, रिक्शा, आदि वाहनों का जमवाड़ा लगा रहता है। इसकी वजह से बड़े वाहनों को चलने के रास्ता नहीं मिलता। कई बार राहगीरों की दुकानदारों से काफी कहासुनी भी हो जाती है। ऐसे में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। इसकी शिकायत कई बार कस्बे के लोगोंं ने नगर पंचायत कार्यालय व पुलिस चौकी के साथ तहसील शामली में भी की, लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई। कस्बा निवासी महिपाल सिंह, रमेश, बिजेंद्र, वसीक अहमद, नीरज, डाॅ. देवेंद्र आर्य, डाॅ. जोहर सिंह, साजिद मलिक, मांगे राम आदि ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे से अतिक्रमण हटवाया जाए।
-
इनका कहना हैं...
1- बिजेंद्र हलवाई का कहना है कि हाईवे किनारे से अवैध वाहन और सड़क के किनारे से गंदगी हटाई जाए। इससे राहगीर को राहत मिलेगी।
2- पूर्व सभासद नाजिम मलिक का कहना है कि हाईवे पर हो रहे अतिक्रमण से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान होना चाहिए।
3- फल विक्रेता वसिक का कहना है कि कुछ दुकानदारों ने हाईवे पर अतिक्रमण किया हुआ है। यात्रियों के खड़े होने तक की जगह नहीं है।
कोट :-
जल्द ही इस संबंध में व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी, उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया जाएगा। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। - जहीर मलिक, चेयरमैन नगर पंचायत।