-अधिकारियों से शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा समस्या का समाधान
कांधला। कस्बे में अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार सहित रेलवे मार्ग, दिल्ली बस स्टैंड पर सड़कों के दोनों ओर अतिक्रमण है। क्षेत्रीय लोगों ने जिले के अधिकारियों से शिकायत कर समस्या के निस्तारण की मांग की है, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
नगर पालिका परिषद एवं पुलिस प्रशासन की अनदेखी से कस्बे में अतिक्रमण बढ़ रहा है। मुख्य बाजार, रेलवे मार्ग सहित दिल्ली बस स्टैंड पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर सड़क के दोनों ओर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। पूर्व में नगर पालिका परिषद में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात रही वर्तमान एसडीएम कैराना निकिता शर्मा ने कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। अधिशासी अधिकारी के पद पर रही निकिता शर्मा का तबादला होने के बाद फिर से नगर पालिका प्रशासन और पुलिस प्रशासन की अनदेखी के चलते लोगों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया है।