रचनाओं से हिंदी के विकास पर दिया जोर
शामली, कैराना। बेसिक शिक्षा विभाग ने हिंदी दिवस के अवसर पर राष्ट्रभाषा हिंदी के विकास, प्रसार तथा इसके प्रति लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम ऑनलाइन अखिल राज्य शिक्षक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के साथ प्रदेश के विभिन्न जनपदों के शिक्षकों ने अपनी काव्य रचनाओं की प्रस्तुति और अभिव्यक्ति द्वारा हिंदी के प्रयोग के लिए सभी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया।
शिक्षक कवि सम्मेलन का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने किया। मुख्य अतिथि वाचस्पति मिश्रा रहे व अध्यक्षता प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर/शामली भीम सिंह ने की। शामली से निधि राणा ने कहा हिंदी का बोल हूं, उर्दू का मान हूं। कानपुर से आलोक श्रीवास्तव ने हस्ताक्षर कितने करते हैं बोलो हिंदी भाषा में। जनपद अलीगढ़ से हेमलता गुप्ता ने हिंदी से हिंदुस्तान, जनपद जौनपुर से प्रीति श्रीवास्तव ने बहुत नाजुक है मन उनका उन्हें हम प्यार से पालें, कानपुर देहात से गरिमा सिंह चंदेल ने हिंदी से हैं हम, लखनऊ से दीपा रानी गुप्ता ने लॉकडाउन में बंदर का ब्याह, अमिता सचान ने हिंदी मां की बिंदी कविता सुनाई। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। ऑनलाइन शिक्षक कवि सम्मेलन को गूगल मीट पर संचालित किया गया। साथ ही इसका लाइव प्रसारण सोशल मीडिया के यूट्यूब चैनल पर किया गया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद यामीन, डा. अनुज कुमार राठी तथा अजय तोमर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में मिशन शिक्षण संवाद टीम शामली की ओर से नवीन कुमार शर्मा, साजिद अहमद, प्रविंदर चौधरी, सचिन कुमार, इकबाल अहमद, गजानंद, सुधीर कुमार आदि का सहयोग रहा।