शहर कोतवाली में पहुंचे विद्युत कर्मी। संवाद
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू में विद्युत चेकिंग करने गई टीम पर एक परिवार लोगों ने लाठी डंडों, ईंट और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। इस हमले में अवर अभियंता गंभीर रूप से घायल हो गए। टीम ने भागकर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। अवर अभियंता की तरफ से दो भाइयों व उनके परिवार की महिलाओं समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे 33/11 केवी विद्युत उपखंड खेड़ीकरमू पर तैनात अवर अभियंता अजय शर्मा निवासी गांव पिलनी थाना पुंडरी जिला कैथल हरियाणा, लाइनमैन कर्मवीर, विनोद, रणजीत व अंकुर के साथ गांव खेड़ीकरमू में भट्ठे वाली गली नंबर एक में बकाया विद्युत बिल वसूली और चेकिंग के लिए गए थे। अवर अभियंता के मुताबिक विद्युत उपभोक्ता अनीस के घर में उनके सर्विल केबल में कट लगा हुआ मिला। घर के बाहर सीढ़ी लगाकर लाइनमैन केबल के कट को सही कर रहा था, उसी समय घर से आई महिला ने सीढ़ी को धक्का देकर लाइनमैन को नीचे गिरा दिया।
इसके बाद घर के अंदर से अनीस के लड़के वसीम व नदीम, अनीस की पत्नी शबाना, नदीम की पत्नी गुलिस्ता और अन्य दो महिलाओं ने विद्युत टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अवर अभियंता को पकड़ लिया और पीछे से फावड़े, ईंट व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान टीम पर पथराव करते हुए मारपीट की। विद्युत टीम ने भागकर जान बचाई। इस हमले में अवर अभियंता गंभीर घायल हो गए। विद्युत टीम की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। अवर अभियंता का कहना है कि घटना के समय वीडियो बनाते समय उनका मोबाइल भी वहीं गिर गया। अवर अभियंता को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली पहुंचे विद्युतकर्मी, कार्रवाई की मांग
शामली। विद्युत टीम पर हमले की जानकरी मिलने पर खेड़ीकरमू बिजलीघर के कर्मचारी शहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने टीम पर हमला करने की घटना पर रोष व्यक्त किया और पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने विद्युतकर्मियों को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शहर कोतवाली में पहुंचे विद्युत कर्मी। संवाद