कैराना। मोहल्ला अफगानान में जल्द ही सपा विधायक नाहिद हसन की विधायक निधि से 6 लाख 18 हजार के बजट में 13 बिजली के खंभों पर 520 मीटर विद्युत लाइन खींची जाएगी। इसके बाद वहां की जनता को बिजली समस्या से निजात मिलेगी।
एलएंडटी कम्पनी को नगर में जर्जर विद्युत लाइन बदलने के लिए ठेका दिया गया था। कम्पनी ने बिना एस्टीमेट बनाए ही मोहल्ला अफगानान में विद्युत लाइन खींच दी थी। मामले का खुलासा होने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी ने शामली स्थित विद्युत थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं मोहल्ले के लोगों की बिजली समस्या को देखते हुए सपा विधायक नाहिद हसन ने सीडीओ को अपनी विधायक निधि से लाइन खिंचवाने के लिए पत्र भेजा था। सीडीओ ने पत्र को अधिशासी अभियन्ता रवींद्र प्रकाश को भेजकर 13 खंभों पर खींची जाने वाली लाइन का एस्टीमेट मांगा था। वहीं बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियन्ता चतुर्थ रविन्द्र प्रकाश ने मोहल्ला अफगानान में 13 खंभों पर 520 मीटर विद्युत लाइन खींचने के लिए 6 लाख 18 हजार 185 रुपये का एस्टीमेट मुख्य विकास अधिकारी को भेज दिया। यहां से स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद बजट को विद्युत विभाग को भेजा जाएगा, जिसके बाद विद्युत लाइन खींची जाएगी।
-सपा विधायक नाहिद हसन की विधायक निधि से 13 खंभों पर 520 मीटर विद्युत लाइन खींचने के लिए 6 लाख 18 हजार 185 रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है।-रविन्द्र प्रकाश अधिशासी अभियन्ता चतुर्थ शामली।