शामली। बलवा बाईपास के ऊपर से गुजर रही 400 केवी की बिजली की हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग के तहत खंभों पर तार खींचने के लिए एनएचएआई बागपत इकाई की ओर से आठ दिन का पावर कारपोरेशन लखनऊ और उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल से शटडाउन मांगा है। शटडाउन मिल जाने के बाद 14 बिजली के खंभों पर लाइन खिंचेगी और बलवा बाईपास एप्रोच रोड निर्माण का रास्ता साफ होगा।
दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे का दस किमी बाईपास बलवा से सिंभालका, सेहटा, शामली तहसील के बराबर से होता हुआ सहारनपुर रोड पर साईंधाम के पास मिल रहा है। बागपत एनएचएआई की ओर से दस किमी शामली बाईपास का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। बलवा उपरिगामी पुल के पास बाईपास की एप्रोच रोड के ऊपर से 400 केवी की लाइन गुजर रही है। जिस कारण अप्रोच रोड का कार्य प्रभावित हो रहा है। 400 केवी की बिजली की हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने के लिए 14 नए बिजली के पोल खड़े करके नई तार लाइन खींची जानी प्रस्तावित है।
बाईपास की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र बालियान ने बताया कि एनएचएआई बागपत की ओर से जीएसटी समेत साढ़े सात करोड़ रुपये लाइन शिफ्टिंग शुल्क उत्तर प्रदेश पावर काॅरपोरेशन को जमा करने के बाद बिजली के खंभे खड़े करने की अनुमति ली है। एनएचएआई की ओर से बिजली के पोल पर लाइन खींचने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लखनऊ से आठ दिन का शटडाउन मांगा है। शटडाउन स्वीकृत होने के बाद लाइन खींची जाएगी। इसके बाद बलवा रेलवे पुल की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा।
ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद शटडाउन होगा मंजूर
शामली। बिजलीघर के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बागपत एनएचएआई के परियोजना निदेशक को शटडाउन शुल्क प्रतिदिन के हिसाब से आनलाइन उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन को जमा करना होगा। उसके बाद उनके द्वारा शटडाउन लेने के लिए की संस्तुति लखनऊ भेजी जाएगी।