शामली। ईद-उज-अजहा पर नमाज के दौरान जिले की प्रमुख ईदगाहों पर जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पुलिस ने अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा में पुलिस कर्मियों तथा अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है। इसके लिए अतिरिक्त फोर्स मंगाया गया है।
ईद की नमाज के मद्देनजर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुुख्ता इंतजाम किए गए है। इस दौरान शामली जिले में संवेदनशील क्षेत्रों को पुलिस-प्रशासन द्वारा चिह्नित किया गया है तथा वहां पर पीएसी के साथ ही पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। शामली शहर में एक प्लाटून पीएसी का इंतजाम किया गया। जिसे फव्वारा चौक, शिव चौक, आजादा चौक, नंदू प्रसाद मोहल्ला में तैनात किया गया है। इसके अलावा जिले भर में कैराना, कांधला, झिंझाना, थानाभवन, ऊन में ईद की नमाज के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
ईद के अवसर पर सुबह से ही पुलिस रूट डायवर्जन करेगी और शहरों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा पुलिस द्वारा नमाज के समय वाहनों को बिल्कुल रोक दिया जाएगा। झिंझाना रोड़ पर टिटौली के पास, कैराना रोड पर कंडेला के पास, बनत से पहले तथा सिंभालका के पहले वाहनों को रोकने की प्लानिंग तैयार की गई है।
डीएम-एसपी ने किया ईदगाहों का निरीक्षण
रविवार को डीएम सुजीत कुमार तथा एसपी विजय भूषण ने शामली ईदगाह का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम तथा सीओ सिटी मौजूद रहे। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बनत तथा उसके बाद कांधला ईदगाह का भी निरीक्षण किया तथा ईद के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।