शामली। बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने गांव बरलाजट स्थित कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें स्कूल के शौचालयोें में गंदगी मिली, वहीं बच्चे भी स्कूल की छुट्टी से 15 मिनट पहले ही पीठ पर बैग लगाकर तैयार मिले। वहीं खेल का सामान भी पैक मिलने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
मंगलवार को बीएसए ने मेरठ रोड स्थित गांव बरलाजट के कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। बीएसए ने बताया कि वह स्कूल में 1.45 पर पहुंची तो स्कूल बच्चे पीठ पर बैग लगाकर घर जाने को तैयार मिले, जबकि छुट्टी होने का समय दोपहर 2 बजे का है। वहीं स्कूल परिसर में दो जगह बने शौचालयों में गंदगी मिली। बच्चों का नामांकन भी पिछले साल के मुकाबले 20 से 25 कम मिला। वाटर कूलर भी ताले के अंदर बंद मिले। पूछने पर खराब होना बताया गया। वहीं बच्चों का खेल का सामान भी अलमारी में पैक अवस्था मिला। बच्चों को सिखाने के लिए लगी एलईडी स्क्रीन भी कार्यालय में लगी मिली। निरीक्षण में मिली खामियों के चलते बीएसए ने प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार को कारण बताओं नोटिस देते हुए एक सप्ताह में जवाब देने के निर्देश दिए।