शामली। जिला मुख्यालय जाने वाली पूर्वी यमुना नहर की पटरी का चौड़ीकरण 31 मार्च से पहले शुरु हो जााएगा। पटरी पर सडक निर्माण का टेंडर लेेने के लिए ठेकेदारों में होड़ मच गई है। चार ठेकेदारों ने ऑनलाइन टेंडर के लिए आवेदन किया है। सोमवार को टेंडर खुलने पर ठेकेदार नामित होने की संभावना है।
शहर के मेरठ-करनाल हाईवे से नवीन जिला मुख्यालय जाने वाली पूर्वी यमुना नहर की पटरी के चौड़ीकरण लिए डीएम अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली ने 19.21 करोड रुपये का प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेजा था। शासन ने इसे स्वीकृत करके साढे़ चार करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी थी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली की ओर से चौडीकरण के लिए ऑनलाइन टेंडर निकाला गया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही पूर्वी यमुना नहर की पटरी के टेंडर खोल कर ठेकेदार का नाम तय कर लिया जाएगा। अगले एक माह के दौरान ठेकेदार के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। आगामी 31 मार्च से पहले पूर्वी यमुना नहर की पटरी का निर्माण कार्य शुरु करा दिया जाएगा।
रुके कार्य को दो दिन में शुरू करने के निर्देश
शामली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मेरठ-करनाल हाईवे के टिटौली पुलिस चौकी से लेकर टपराना गोल चक्कर तक हाईवे के नवीनीकरण कार्य का इसी महीने शुरु होगा। ठेकेदार को दो दिन में कार्य शुरु करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि शहर के विजय चौक से लेकर टिटौली पुलिस चौकी तक सफेद और पीली पट्टी का निर्माण पूरा कर दिया गया है।