शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव झाल मोड़ के निकट कार की टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गई। इस हादसे में छह लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी जितेंद्र ई-रिक्शा चलाता है। शुक्रवार दोपहर को वह शामली से सवारी लेकर गांव बहावड़ी जा रहा था। जब वह शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव झाल मोड़ के निकट पहुंचा तो तेज गति से आई कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर ई-रिक्शा पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर ई-रिक्शा के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने ई रिक्शा को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
इस हादसे में गांव बहावड़ी निवासी सुरेंद्र, शिक्षा, जितेंद्र, पूजा, सुरक्षा व सूरज घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हादसा होने की जानकारी मिली है। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।