शामली। आदर्श मंडी पुलिस ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अजेंद्र सिंह उर्फ पप्पू की मौत के मामले में पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, उसकी निशानदेही पर स्कूटी और घटना में प्रयुक्त ई रिक्शा बरामद की है। गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव धनैना निवासी अजेंद्र सिंह बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के निकट दयानंदनगर में परिवार के साथ रहते थे। रविवार दोपहर को उनका शव वीवी डिग्री कॉलेज के बराबर से जाने वाले मार्ग पर पड़ा मिला था। वे घर से स्कूटी पर निकले थे। मौके से स्कूटी व उनका मोबाइल फोन गायब मिला था। मृतक के भाई पूर्व प्रधान जितेंद्र उर्फ बिट्टू की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज और मृतक के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर ई-रिक्शा चालक समीर निवासी गांव सिक्का को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इसके अलावा उसकी निशानदेही पर मृतक की स्कूटी धीमानपुरा शराब की दुकान के बाहर से बरामद की गई।