शामली में आट्ठे वाला मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्घालुओं की लगी कतार।
- फोटो : SHAMLI
शामली। श्री दुर्गाष्टमी पर शनिवार सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में मां दुर्गा के जयकारे गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां गौरी की विशेष पूजा-अर्चना का अनुष्ठान किया। मां को हलवा-पुरी का प्रसाद अर्पित करके मनोकामना मांगी। घरों में नौ कन्याओं को भोजन कराया। चुनरी, केले और दक्षिणा में प्रसाद देकर श्री दुर्गा नवरात्र व्रतों का पारायण किया।
शहर के करनाल रोड स्थित मां शाकंभरी देवी, पुरानी सब्जी मंडी में मां शाकंभरी देवी, टंकी रोड श्री हनुमान धाम, टंकी रोड मां वैष्णो देवी, मोहल्ला रेलपार स्थित श्रीदुर्गा शिव मंदिर, राजो वालों मोहल्ला में मां श्री बाला सुंदरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना अनुष्ठान करने के लिए सुबह छह बजे से श्रद्धालु पुरुषों महिलाओं, बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी।
श्रद्धालुओं ने घरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ ज्योति प्रज्वलित करके नारियल चुनरी, हलवा-पूरी, खीर का प्रसाद चढ़ाकर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की मनोकामना मांगी। नौ कन्याओं का पूजन करके भोजन खिलाकर चुनरी, केले और नकद दक्षिणा देकर विदा किया। पुरानी सब्जी मंडी स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। रविवार को मां सिद्धिदात्री की विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्री दुर्गा नवरात्र समाप्त हो जाएंगे।