शामली। गरीबी और तंगहाली से जूझ रही बेसहारा और विधवा महिलाओं के सामने राशन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) की जांच के बाद राशन कार्ड के आवेदन स्वीकृत तो कर दिए गए, लेकिन पूर्ति निरीक्षक की स्थलीय जांच में उन्हें अपात्र घोषित कर निरस्त कर दिया गया।
पात्रता को लेकर सामने आए इस विरोधाभास के बाद पीड़ित महिलाएं दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। मामला उजागर होने पर डीएसओ ने जांच बैठा दी है।
दर्दभरी बानगी : सिस्टम से हारीं
सबिया (मोहल्ला तलाही, झिंझाना): पिछले छह साल से राशन कार्ड के लिए भटक रही हैं। इस बार डीएसओ स्तर से आवेदन स्वीकृत हुआ, लेकिन पूर्ति निरीक्षक ने स्थलीय जांच में अपात्र घोषित कर दिया।
मीरजहां (मोहल्ला नीला रोजा): पति कामिल के जाने के बाद दो साल से चक्कर काट रही विधवा मीरजहां का आवेदन डीएसओ ने तो स्वीकृत किया, पर इंस्पेक्टर ने अपात्र बताकर निरस्त कर दिया।
अफसाना (मोहल्ला शाहघासी दरवाजा): बेसहारा अफसाना का आवेदन भी पूर्ति निरीक्षक की रिपोर्ट में अपात्र दर्शाकर खारिज कर दिया गया।
शायरा (मोहल्ला तलाही): पहले राशन कार्ड स्वीकृत हो चुका था, लेकिन बाद में इंस्पेक्टर ने उनका नाम ही काट दिया।
न चार पहिया, न पक्की छत
मौके पर की गई पड़ताल में अफसाना के मकान का प्लास्टर उखड़ा और छत की कड़ियां टूटी मिलीं, जिससे घर गिरने की कगार पर है। सबिया और मीरजहां की रिहाइश भी जर्जर पाई गई। किसी के पास चार पहिया वाहन या कोई संपन्नता नहीं मिली। इसके बावजूद इन्हें अपात्र क्यों दिखाया गया, यह बड़ा सवाल है। ऊन और कैराना ब्लॉक में भी ऐसे 200 से अधिक मामले सामने आए हैं।
तीन हजार से ज्यादा राशन कार्ड कटे
आपूर्ति विभाग के मुताबिक जिले में जीएसटी और आयकर भरने वाले 3,000 से अधिक अपात्र कार्ड धारकों के कार्ड काटे गए हैं। विभाग अपात्रों को मिल रहे गलत लाभ की जांच में जुटा है, लेकिन इस अभियान की ज़द में गरीब पिस रहे हैं।
जिले का राशन कार्ड डेटा
कुल राशन कार्ड धारक
2,14,863
कुल यूनिट
9,39,686
अधिकारियों के आमने-सामने के दावे
कुछ पात्रों के राशन कार्ड जारी करने की संस्तुति की थी। मामला संज्ञान में आया है और जांच कराई जा रही है। निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई होगी। पात्रों के कार्ड हर हाल में बनेंगे, उन्हें परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
— अंकुर यादव, जिला पूर्ति अधिकारी, शामली
अपात्रों के राशन कार्ड काटे जाने का मामला जानकारी में नहीं है। पात्रों को योजना का पूरा लाभ दिलाया जाएगा।
— प्रदीप कुमार, पूर्ति निरीक्षक, ऊन
राशन कार्ड...जिला आपूर्ति निरीक्षक द्वारा पोर्टल पर महिला को राशन कार्ड के लिए की गई संस्तुति
राशन कार्ड...जिला आपूर्ति निरीक्षक द्वारा पोर्टल पर महिला को राशन कार्ड के लिए की गई संस्तुति