- पवित्र रमजान और नवरात्रि के साथ ही रामनवमी पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने दिन रात गश्त की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। पवित्र रमजान व नवरात्रि के साथ ही रामनवमी शोभायात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने दिन रात गश्त शुरू कर दी। सीओ के साथ रविवार को पुलिस ने शोभायात्रा के रूट मार्ग का ड्रोन से निरीक्षण किया।
बुधवार से नवरात्रि व उसके अगले दिन रमजान शुरू होने के साथ ही रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसको देखते हुए रविवार को सीओ अमरदीप मौर्य और कोतवाली प्रभारी पंकज त्यागी ने नगर के प्राचीन देवी मंदिर तालाब से ड्रोन उडाया। ड्रोन से रामनवमी शोभायात्रा के रूट मार्ग चौक बाजार, जोड़िया कुआं, सराफा बाजार, पुराना बाजार, जामा मस्जिद, मीना मार्किट, पट्टों वाला, गुंबद और शामली स्टैंड पर आसपास के मकानों की वीडियोग्राफी कराई गई। देखा कि कहीं असामाजिक तत्व अपने मकानों की छतों पर ईंट पत्थर या कोई अन्य गलत सामग्री तो एकत्र नहीं कर रहे है।
सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा के लिए ड्रोन से रूट मार्ग का निरीक्षण किया गया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस दिन रात गश्त कर रही है।