शामली। गर्मी का सीजन शुरू हो गया है। शहर में नगरपालिका की तरफ से सार्वजनिक स्थानों पर लगाए प्याऊ खस्ताहाल होने से पेयजल व्यवस्था समुचित नहीं है। कहीं पर टोंटी से पानी नहीं आ रहा है तो कहीं पर टोंटी खराब है तो कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था बदहाल है। रिपोर्टिंग टीम ने शहर में पेयजल की व्यवस्था की पड़ताल की तो इस तरह की स्थिति सामने आई।
करनाल सड़क स्थित आरके पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर पालिका के प्याऊ के आसपास घास-फूस उगी है। इससे टोंटियां भी दिखाई नहीं देती और यहां साफ-सफाई भी नहीं पाई गई।
दयानंद नगर नाला पटरी पर प्याऊ की एक टोंटी बंद मिली और एक से पानी आ रहा था। सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। सिसौली अड्डे पर लगी पालिका के प्याऊ की टोंटी से पानी आ रहा था। यहां चारों ओर काई जमी हुई थी। माजरा सड़क पर वीवी डिग्री कॉलेज सड़क पर लगे प्याऊ की टोंटी सूखी पड़ी थी।
नगरपालिका के निकट महिला थाने के बाहर लगे प्याऊ से पानी तो निकल रहा है, लेकिन सफाई व्यवस्था बदहाल थी। गोशाला सड़क पर बनाए गए प्याऊ पर गंदगी मिली। बराबर में कूड़े के ढेर लगे है। टंकी से निकलने वाला पानी सड़क पर बह रहा था। बराबर में बिजली का केबल बॉक्स लगा होने से करंट का खतरा भी है।
ये बोले नागरिक
गोशाला सड़क निवासी लखन किशोर ने बताया लंबे समय से पालिका कोई कर्मचारी टंकी की साफ-सफाई करने नहीं आया। काई व गंदगी लगी है और पानी से भी गंध आने के कारण पीने लायक नहीं है।
माजरा सड़क निवासी अनिल कुमार का कहना है कि गर्मी शुरू हो गई है। अब पालिका को सभी प्याऊ की सफाई कराकर ताजा व साफ पेयजल की व्यवस्था करनी चाहिए।
वैभव गर्ग ने बताया कि नवीन मंडी में टोंटी सूखी पड़ी है, इनमें पानी नहीं है। पालिका को पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।
ब्लॉक सड़क निवासी सुभाष कुमार ने कहा कि माजरा सड़क पर पालिका के प्याऊ की टोंटी से पानी नहीं आ रहा है, जिससे आने जाने वाले लोगों को पीने की पानी की समस्या रहती है।
शहर में पेयजल के लिए सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं। सभी प्याऊ चालू हालत में हैं। अगर कहीं पर कोई समस्या है तो उसकी जानकारी कर ठीक कराया जाएगा। - हर्षित गुप्ता, अवर अभियंता जलकल विभाग नगरपालिका
शामली नवीन मंडी में बंद पड़ी पानी की टंकी । संवाद