शामली। नगरपालिका की बड़ी पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण बुधवार को पांच कॉलोनियों के लोग पेयजल को तरसते रहे। हैंडपंपों से ही जैसे तैसे पानी का काम चलाया। पालिका कर्मी दिनभर मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
शहर के मोहल्ला काकानगर में ओवरहैंड टैंक से जाने वाली 16 इंच की पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर बुधवार सुबह को पालिका कर्मी मौके पर पहुंचे और जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पाइप लाइन के लीकेज की जांच की तो पाइप लाइन का शॉकेट से पानी निकल रहा था। इसकी मरम्मत के लिए काकानगर, टीचर कालोनी, नौकुआं रोड, कृष्णा नगर और पटेल नगर आदि मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति बंद की गई।
पेयजल आपूर्ति बंद होने से लोगों के घरेेलू टैंक का पानी भी खत्म हो गया, जिससे लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ा। लोगों ने हैंडपंपों से पानी लाकर जैसे तैसे काम चलाया। राजेश कुमार, रमेशचंद, दिनेश चौहान, संजय शर्मा आदि लोगों का कहना था कि पालिका की तरफ से पहले से पेयजल आपूर्ति बंद रखे जाने संबंधी कोई जानकारी नहीं दी गई थी, जिस कारण उन्हें पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा।
पालिका के जलकल विभाग के अवर अभियंता विशाल तोमर ने बताया कि काकानगर में पेयजल की बड़ी पाइप लाइन में लीकेज की मरम्मत का कार्य किया गया। शहर की पेयजल पाइप लाइन एक दूसरे से जुड़ी होने के कारण आसपास की कालोनी में पेयजल आपूर्ति बंद करनी पड़ी। शाम तक मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा।