शामली। ईरान-इस्राइल और अमेरिका के बीच छिड़े युद्ध ने उन जोड़ों के भी ख्वाब तोड़ दिए हैं, जिनका हनीमून व प्री-वेडिंग शूट खाड़ी देशों में पहले से ही बुक था। उन्हें अपना प्लान निरस्त कराना पड़ा है। विदेश जाने से अब लोग परहेज ही कर रहे हैं। उधर, जिले के कई उद्यमियों ने भी अपनी बिजनेस ट्रिप रद्द कर दी है।
टूर एंड ट्रेवल्स एजेंट साऊद और मनीष ने बताया कि पिछले कुछ समय से शादी के बाद कुछ पलों को यादगार बनाने के लिए दुबई, रूस और अन्य विदेशी स्थलों पर घूमने का चलन बढ़ा है। मार्च और अप्रैल में 60 से अधिक बुकिंग हुई थी, लेकिन अब बिगड़े हालात के कारण करीब 15 नवविवाहित जोड़ों अपनी ट्रिप कैंसिल करा चुके हैं। कई ने अब भारत में ही योजना बनाई है और कई लोगों ने मई माह में जाने की बात कही है। संवाद
नहीं जाएंगे दुबई
कैराना निवासी इरशाद का रिश्ता हो चुका है। उन्होंने 27 अप्रैल को पत्नी के साथ दुबई जाकर प्री-वेडिंग शूट और खरीदारी करने का प्लान बनाया था। दुबई में बुर्ज खलीफा और अन्य स्थानों पर घूमने का कार्यक्रम था, लेकिन युद्ध जैसे हालात के कारण ट्रिप कैंसिल करनी पड़ी। कैराना के मोहल्ला छड़ियान निवासी फैजान कुरैशी ने बताया कि उन्हें भी पत्नी के साथ दुबई जाना था, लेकिन अब मई माह के बाद जाने का प्लान बनाया है। बनत गांव निवासी जावेद की हाल ही में शादी हुई है। वह पत्नी शाहीन को हनीमून के लिए ले दुबई जाना था, लेकिन युद्ध के कारण 28 मार्च की ट्रिप कैंसिल करानी पड़ी।
उमरा जाने की हसरत नहीं हो सकी पूरी
कैराना के ईदगाह मोहल्ले निवासी मास्टर इमरान ने बताया कि उन्हें पांच मार्च को उमरा के लिए जाना था, लेकिन युद्ध के कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी। अब हालात सामान्य होने के बाद ही उमरा के लिए जाएंगे।
बिजनेस ट्रिप पर नहीं जा सके उद्यमी
साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल और उद्यमी अनुज गर्ग ने बताया कि उन्हें 20 मार्च को बिजनेस ट्रिप पर दुबई जाना था, लेकिन युद्ध के कारण ट्रिप कैंसिल करनी पड़ी। अब अप्रैल या मई माह में जाने की योजना है।
सरसों के तेल की आपूर्ति हुई प्रभावित
शहर के उद्यमी दीपक छाबड़ा दुबई में सरसों के तेल की आपूर्ति करते हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध के कारण ऑर्डर बहुत कम मिल रहे हैं, जिससे निर्यात प्रभावित हो रहा है।
सऊदी अरब, दुबई से नहीं आ पा रहा प्लास्टिक दाना
उद्यमी अनुज गर्ग ने बताया कि सऊदी अरब और दुबई से आइसक्रीम के कंटेनर बनाने के लिए प्लास्टिक दाना आता है। युद्ध के कारण इसकी आपूर्ति प्रभावित हो गई है। पहले यह दाना 120 रुपये प्रति किलो मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर करीब 180 रुपये प्रति किलो हो गई है।