थानाभवन। दिव्य पब्लिक स्कूल की छात्रा वंशिका पुंडीर ने नजीबाबाद में आयोजित सीबीएसई की ताइक्वांडो इंटर स्कूल स्पोर्ट्स एंड गेम्स के अंडर-17 में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। बुधवार को वंशिका के स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
डीपीएस स्कूल के उप प्रधानाचार्य लाजपत राय गिरधर ने बताया कि वंशिका पुंडीर स्कूल में कक्षा-10 की छात्रा है। सीबीएसई की ओर से नजीबाबाद के पीएनएस अरिहंत पब्लिक स्कूल में ताइक्वांडो इंटर स्कूल स्पोर्ट्स एंड गेम्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में स्कूल की छात्रा वंशिका पुंडीर ने अंडर-17 वर्ग में स्कूल का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान वंशिका ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सभी विरोधियों को मात देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बुधवार को स्कूल पहुंचने पर वंशिका पुंडीर का स्कूल के मैनेजिंग डॉयरेक्टर महिपाल सिंह राणा ने स्वागत किया। इसके बाद स्कूल में वंशिका के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर प्रधानाचार्य रॉय अब्राहम सहित पूरा स्टॉफ व छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।