कैराना। गांव अलीपुर में खूंखार कुत्तों का आतंक है। एक कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय बालक को हमला करके घायल कर दिया। उसे सीएचसी में उपचार दिलाया गया।
गांव अलीपुर निवासी असजद का तीन वर्षीय बेटा अकमल शनिवार को अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान खूंखार कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। उसके पैर की दो अंगुलियों को अलग कर दिया। बालक की चीख सुनकर परिजन उस ओर दौड़े, जिस पर कुत्ता भाग गया। इसके बाद परिजन बालक को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां उसे उपचार दिलाया। बताया जा रहा है कि इन दिनों गांव अलीपुर में खूंखार कुत्तों का आतंक है। वे बच्चों एवं बड़ों पर हमला कर देते हैं। इसके चलते ग्रामीणों में दहशत है। जिसके चलते ग्रामीण अपने बच्चों को घरों से बाहर अकेले नहीं जाने दे रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने अधिकारियों से निजात दिलाए जाने की मांग की है। संवाद