शामली। भले ही अस्पताल में लगातार बुखार, खुजली आदि के मरीज बढ़ रहे हो मगर कुछ चिकित्सक नदारद रहने से बाज नहीं आ रहे हैं। पड़ताल के दौरान बुधवार को आंख रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ नदारद रहे। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
बदलते मौसम में आए दिन अस्पतालों में बुखार से ग्रस्त मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में ओपीडी 1200 के करीब पहुंच गई है, जिनमें 500 से अधिक बुखार से ग्रस्त मरीज पहुंंच रहे हैं। बुधवार को सुबह के समय आंख, बाल और एलर्जी रोग विशेषज्ञ नदारद रहे। जबकि इमरजेंसी, हड्डी रोग विशेषज्ञ मरीजों का उपचार करते नजर आए।
उपचार कराने पहुंचे आसिफ, दीपक कुमार, माया का कहना है कि आए दिन जिला अस्पताल से चिकित्सक नदारद रहते हैं, जिसके कारण परेशानी होती है। मामले की शिकायत डीएम से भी की जाएगी। इस बारे में सीएमएस डाॅ. किशोर आहूजा का कहना है कि आंख रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी कांधला शिविर में लगी है। जबकि अन्य डाॅक्टर मेरे पास गए थे। सभी को सीट पर बैठने को कहा गया है। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।